कुरी बाजार में सोमवार की दोपहर साइकिल सवार दंपति से बदमाशों ने 15 हजार नकदी लूट लिए। आवास बनवाने के लिए सरकार की ओर से मिले रुपये बैंक से लेकर वह घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बेलघाट प्रतिनिधि के अनुसार मनिकापुर गांव के रहने वाले निगोरी को आवास बनवाने के लिए सरकारी मदद मिली है। सोमवार की दोपहर एक बजे वह पत्नी रजवती के साथ खाते से रुपये निकालने पीएनबी की कुरी बाजार शाखा गए थे। 15 हजार रुपये निकालने के बाद दोपहर ढाई बजे साइकिल से पत्नी को लेकर निगोरी घर लौट रहे थे। पांडेयपुरा मोड़ के पास पीछे से बाइक सवार बदमाशों ने धक्का देकर साइकिल से गिरा दिया।
रजवती के हाथ से झोला छीनकर बदमाश बेलघाट की तरफ भाग निकले। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसओ मामले की छानबीन कर रहे हैं।