गोरखपुर। खोराबार के फुर्सतपुर में बृहस्पतिवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने सर्राफ को गोली मार गहनों से भरा झोला लूट लिया। दुकान बंद कर बेटे के साथ बेलवार से वह घर लौट रहे थे। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वो असलहा लहराते देवरिया की तरफ भाग निकले। गंभीर हाल में सर्राफ को लेकर उनका बेटा मेडिकल कॉलेज पहुंचा जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार सिंघड़िया के शिवपुर कॉलोनी निवासी रामआधार वर्मा (65) की बेलवार चौराहे पर चंदन ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार की शाम 6:45 बजे दुकान बंद कर बेटे चंदन के साथ बाइक से वह घर लौट रहे थे। रास्ते में केवटान टोला के पास एक बाइक से आए तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। बदमाशों की मंशा भाप चंदन ने बाइक की स्पीड बढ़ा दी।
रोकने के लिए बदमाशों ने रामआधार पर डंडे से हमला कर दिया जो उनकी पीठ में लगा। इससे बाइक अनियंत्रित हुई लेकिन बेटे ने संभाल लिया। 100 मीटर तक पीछा करने के बाद बदमाशों ने रामआधार की पीठ में गोली मार दी, जिससे वह बाइक से गिर पड़े। पीछा करते पहुंचे बदमाशों ने हाथ से झोला छीन लिया। चंदन ने पकड़ने का प्रयास करने के साथ ही शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी बीच दूसरी बाइक से बदमाशों के तीन अन्य साथी पहुंच गए। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। पकड़े जाने के डर से बदमाश धक्कामुक्की करके असलहा लहराते हुए देवरिया की तरफ फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से चंदन पिता को लेकर पीएचसी खोराबार पहुंचा जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सर्राफ को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे एसपी (सिटी), सीओ कैंट ने चंदन से घटना की जानकारी ली। उसने बताया कि बाइक से आए बदमाशों ने हेलमेट पहना रखा था इसलिए पहचान नहीं पाया। एसपी (सिटी) हेमराज मीणा ने बताया घटना की छानबीन चल रही है।