गोरखपुर। सीआरपीएफ हवलदार जवाहरलाल ने मंगलवार को आईजी से मुलाकात की। उन्होंने पत्नी और तीन बच्चों की हत्या करने वाले को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश करने का आग्रह किया। आईजी ने हवलदार को पुलिस की तरफ से किए जा रहे प्रयास की जानकारी दी।
सीआरपीएफ हवलदार जवाहरलाल दोपहर 12 बजे आईजी एचआर शर्मा से मिले। उन्होंने झरना टोला स्थित घर में 31 जुलाई 2015 को पत्नी और तीन बच्चों की लाश मिलने की घटना का पर्दाफाश न हो पाने का कारण पूछा। जवाहर ने आईजी को बताया कि पूर्व एसएसपी लव कुमार ने स्थानांतरण होने से एक सप्ताह पहले दो दिन में हत्यारे को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश करने का भरोसा दिया था लेकिन अब तक कोई परिणाम नहीं निकला।
आईजी ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगने की जानकारी देते हुए जल्द से जल्द मामले का पर्दाफाश करने का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि वह खुद निगरानी खुद कर रहे हैं।
रेप के बाद हुई थी हत्या
छत्तीसगढ़ में तैनात सीआरपीएफ हवलदार की पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे की घर में हत्या कर दी गई। दो दिन बाद 31 जुलाई 2015 को कमरे में चारों की लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इंटर में पढ़ने वाली हवलदार की बेटी के साथ रेप की पुष्टि हुई थी। सभी के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया था।