मुंडेरा बाजार की एक महिला ने ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। उसके मुताबिक दहेज के लिए ससुराल वालों ने पहले उसे प्रताड़ित किया और जब उन्हें पता चला कि वह गर्भवती है तो जबरन कोल्डड्रिंक में दवा मिलाकर उसे पिला दिया, जिससे उसका गर्भपात हो गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने के बाद ठीक हुई बहू ने शुक्रवार को थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 जवाहर नगर निवासी श्यामा प्रसाद जायसवाल की बेटी पूजा जायसवाल की शादी चार दिसंबर 2015 को चौरीचौरा थाना क्षेत्र के मुंडेरा बाजार के वार्ड संख्या आठ निवासी सुमित जायसवाल के साथ हुई थी। सुसराल वाले शादी में तय दहेज देने के बाद भी एक लाख नगद और बाइक मांग रहे थे। महिला के मुताबिक पिता की गरीबी का हवाला देकर उसने रकम और बाइक देने में असमर्थता जताई तो कोल्डड्रिंक में दवा पिलाकर उसका गर्भपात करा दिया गया। पुलिस ने तहरीर लेकर पति सुमित जायसवाल, ससुर बंशीलाल जायसवाल, सास शकुंतला देवी, रंजीत, सरिता, रेनू, रूबी, स्मिता के खिलाफ मारपीट करने, दहेज उत्पीड़न और गर्भपात कराने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।