गोरखपुर। जीआरपी ने रविवार की रात रेलवे स्टेशन परिसर से एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ में ट्रेन में चोरी, जहरखुरानी की कई घटनाओं का पर्दाफाश हुआ। आरोपी की निशानदेही पर छह मोबाइल, एक टैबलेट बरामद किया गया। पकड़ा गया बदमाश गोंडा का रहने वाला है। दो साल से देवरिया से लखनऊ के बीच ट्रेनों में वारदात को अंजाम दे रहा था।
इंस्पेक्टर जीआरपी थाना गिरजाशंकर तिवारी ने रविवार की रात रेलवे स्टेशन सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। तलाशी में उसके बैग से एक टैबलेट और दो मोबाइल मिले हैं। छानबीन में पता चला कि बरामद हुआ सामान चोरी का है। पकड़ा गया युवक गोंडा, वजीरजगंज के उदयपुर का रहने वाला विजय बहादुर चौहान शातिर चोर है। आरोपी की निशानदेही पर जीआरपी ने कृषक, लखनऊ - बरौनी, ग्वालियर - बरौनी एक्सप्रेस में चोरी हुए चार और मोबाइल बरामद किए हैं।
पूछताछ में विजय ने बताया कि देवरिया से गोरखपुर के बीच वह ट्रेनों में चोरी करता है। सोमवार को दोपहर बाद जीआरपी ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।