गोरखपुर। चोरी की शिकायत लेकर थाने पहुंचे गाड़ी मालिक की पिटाई के बाद पुलिस ने रविवार की सुबह उसका मुकदमा दर्ज किया। पिटाई से घायल गाड़ी मालिक इलाज कराने के बाद रविवार को गाड़ी लेकर वाराणसी चला गया।
थाने में हुई ज्यादती से वह दूसरे दिन भी भयभीत था। अमर उजाला से बातचीत में उसने कहा कि वह गोरखपुर पुलिस का जुल्म कभी नहीं भूल पाएगा।वाराणसी के सैदपुर के धोआर्जुन गांव के रहने वाले राधेश्याम बरनाल की थाने में पिटाई की खबर प्रकाशित होने के बाद रविवार को आनन-फानन में कैंट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया।
दोपहर बाद उसे बुलाकर मुकदमे की कापी दे दी गई। पुलिस की पिटाई से घायल गाड़ी मालिक राधेश्याम इलाज कराने के बाद दोपहर बाद वाराणसी के लिए रवाना हो गया। थाने शिकायत लेकर जाने पर पुलिस की ज्यादती का शिकार हुए गाड़ी मालिक ने बताया कि जीवन भर उसे अपने साथ हुई ज्यादती नहीं भूलेगी।
न्याय की उम्मीद में चोरी की शिकायत लेकर थाने गया तो कैंट थाने में दरोगा ने बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। हाथ के साथ ही पैर के नाखून भी प्लास से खींचने का प्रयास किया गया। आठ घंटे तक उसे बुरी तरह टार्चर किया गया।