हरिओम नगर स्थित कोचिंग संस्थान में पढ़ाने वाले शिक्षक की कार और लैपटॉप लेकर उनका दोस्त फरार हो गया। खोजबीन के बाद कोई जानकारी न मिलने पर शुक्रवार को शिक्षक ने श्रावस्ती के रहने वाले अपने दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। कैंट पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
प्रतापगढ़, मानधाता के पूरकौली, हरकपुर निवासी अश्वनी त्रिपाठी हरिओम नगर में स्थित आनंद इंस्टीट्यूट में शिक्षक हैं। तारामंडल में वह किराए पर कमरा लेकर रहते हैं। इंस्टीट्यूट में पढ़ाने वाले श्रावस्ती, भिंगा के केशवपुर निवासी शशांक मिश्रा से उनकी दोस्ती थी। दो फरवरी को अश्वनी अपनी कार से शशांक के साथ ही तीन अन्य साथियों को लेकर राजस्थान के मेहंदीपुर में बालाजी का दर्शन करने गए थे। पांच फरवरी को लौटने के बाद शशांक उनकी कार और लैपटॉप लेकर चला गया। इसके बाद वह लौटा ही नहीं।
खोजबीन के बाद जब अश्वनी ने उसे फोन किया तो वह कार नेपाल में बेचने की धमकी देने लगा। शिक्षक की तहरीर पर रविवार को कैंट पुलिस ने शशांक के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि छानबीन चल रही है।