चिलुआताल क्षेत्र के मानीराम स्थिति सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से रुपये जमा करने गए एक युवक को दो उचक्कों ने झांसा देकर बीस हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित युवक ने इसकी जानकारी बैंक प्रबंधक को दी। प्रबंधक की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस सीसी टीवी फुटेज की मदद से उचक्कों की तलाश कर रही है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार आवास विकास कालोनी निवासी सुभाष सिंह के पुत्र रत्नेश सिंह सुबह 11 बजे के आसपास बैंक में बीस हजार रुपये जाम करने गए थे। इसी दौरान बैंक के अंदर ही दो युवक उनके पास पहुंचे और जमा पर्ची भरने के लिए पेन मांगा। पेन लेकर भरने के बाद दोनों युवकों में से 500 रुपये की नोट उनकी ओर बढ़ाते हुए पूछा की देखकर बताएं कि नोट कहीं नकली तो नहीं है। रत्नेश का आरोप है कि नोट हाथ में लेते ही उन्हें चक्कर आने लगा। इस दौरान दोनों युवक मदद के बहाने उनको बैंक से बाहर ले गए और जेब में रखा बीस हजार रुपया निकालकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब उन्हें आराम हुआ तो रत्नेश ने इसकी जानकारी बैंक प्रबंधक को दी।
घटना की छानबीन में जुटी पुलिस ने उचक्कों द्वारा दी गई नोट में कोई ऐसा पदार्थ लगे होने की आशंका जताई जिसकी वजह से उन्हें चक्कर आने लगा।