जिले के अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं कई घायल अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैंट क्षेत्र के मोहद्दीपुर के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के टूटे मोबाइल फोन से सिम निकालकर उसकी पहचान की। युवकों की पहचान चंदौली जिले के चकिया निवासी पप्पू पुत्र जवाहिर और वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा निवासी फूलचंद के पुत्र पवन के रूप में हुई। पवन रेलवे स्टेशन पर भूजा का ठेला लगाता था, जबकि पप्पू रेलवे बस स्टैंड पर एक होटल में काम करता था। वह अभी एक दिन पहले ही गांव से लौटा था और रात में होटल मालिक राम किशुन की बाइक लेकर निकले थे। दुर्घटना की सूचना के बाद घर वाले मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।
खोराबार प्रतिनिधि के मुताबिक एक अन्य हादसे में रामनगर करजहा गांव के पास फोरलेन पर शनिवार रात करीब एक बजे भैंसहा गांव बारात में आए देवरिया के युवक की मौत हो गई। बारात आए दो युवक रात में भोजन करने के बाद बाइक से घर जा रहे थे। रामनगर करजहा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे एक की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवरिया के फुलवरिया गांव निवासी पिंटू के 19 वर्षीय पुत्र व्यास के रूप में हुई, जबकि दूसरे घायल युवक श्रीप्रकाश के पुत्र चंदू का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं रविवार को दाउदपुर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती सोमनाथ की मौत हो गई। सोमनाथ दो दिन पहले बेलघाट में हुए सड़क हादसे में घायल हुए थे।
ओवरलोड ऑटो पलटा, आठ घायल
शाहपुर थाना क्षेत्र के संगम चौराहे के पास रविवार सुबह ओवरलोडेड ऑटो पलट गया। बताया जा रहा है कि एक बाइक को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ। ऑटो में बैठीं आठ महिलाएं घायल हो गईं। कुशीनगर के कप्तानगंज क्षेत्र के तुरकहा गांव की 10 महिलाएं पास के सुधयान गांव के अभय सिंह की ऑटो बुक कर चिलुआताल में मजनूं चौराहे पर वैद्य के यहां इलाज कराने जा रही थीं। संगम चौराहे पर सामने एक बाइक आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो में बैठी आठ महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें चार की हालत गंभीर है। घायलों का अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
बाइक और ऑटो की टक्कर, छह घायल
हरिहर भैंसा गांव के पास बाइक और ऑटो की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फुलहर खुर्द निवासी रवि पांडेय निजी ऑटो से गोला थानाक्षेत्र के बारानगर गांव में परिवार के साथ मंदिर गए थे। लौटते समय करीब चार बजे रवि बांसगांव थानाक्षेत्र के हरिहर भैंसा गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार रामसागर पांडेय (45), ओमनारायण पांडेय (10), गुंजा पांडेय (12), महासागर पांडेय (30) तथा बाइक सवार उरुवा थानाक्षेत्र के ग्राम असिलाभार निवासी परमानंद मौर्य (30) और शैलेंद्र चौहान (28) घायल हो गए। डॉक्टर के मुताबिक बाइक सवार शराब के नशे में थे।
तीन गाड़ियों की टक्कर, दो युवक घायल
सहजनवां के नजदीक बोकटा चौराहे पर रविवार दोपहर एक ट्रक, पिकअप और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। पिकअप पर लदी गाय गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसे में देवरिया निवासी त्रिप्रेश त्रिपाठी और परशुराम दुबे घायल हुए। कलेशर चौक से एक ट्रक तेज रफ्तार से आ रहा था। इसके साथ ही बाइक पर दोनों युवक सवार होकर खलीलाबाद से देवरिया जा रहे थे। जैसे ही ट्रक और बाइक बोक्टा चौराहे पर पहुंची। सामने पिक-अप आ गई, जिसमें दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को नजदीक के अस्पताल में दाखिल कराया गया। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।