घटना के बाद मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
कैंट थाना क्षेत्र के गिरधरगंज बाजार में एक युवक की लाश उसके घर में मिली। रविवार को कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद ऊपरी मंजिल पर रहने वाले भाई को जानकारी हुई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम को भेजा। आशंका व्यक्त की जा रही है कि फ्रिज से करंट लगने की वजह से उसकी मौत हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गिरधरगंज मोहल्ला निवासी शिवरतन लाल उर्फ मंटू का मकान है। ऊपरी मंजिल में उसके बड़े भाई कृष्णा गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं। पांच दिन पहले मंटू की पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी। घर में शिवरतन अकेले ही थे। रविवार की सुबह मंटू के कमरे से बदबू उठने लगी तो भाई और पड़ोसियों को अनहोनी की शक हुई। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आसपास के लोगों ने बताया कि नौ जून को उसे आखिरी बार देखा गया था। शव फ्रिज के पास पड़ा था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि फ्रिज से करंट लगने की वजह से उसकी मौत हुई है। कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
मंटू ने बेच दिया था मकान
शव पाए जाने की सूचना कैंट पुलिस ने पत्नी निरमा को दी। तफ्तीश में पता चला है कि पति-पत्नी का रिश्ता ठीक नहीं चल रहा था। मंटू शराब का आदी था और पत्नी का इसी बात पर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह बच्चों के साथ मायके चली गई थी। मंटू ने अपने हिस्से का मकान गिरधरगंज निवासी प्रमोद को बेच दिया था। लेकिन उसी मकान में अभी रह रहा था। मकान बेचने पर मिले रुपयों को उसने बक्शीपुर में रहने वाली अपनी बहन के खाते में जमा किया था।
पड़ोसियों ने जताई हत्या की आशंका
पुलिस मंटू के मौत को अभी हादसा मान रही है। लेकिन पड़ोसी हत्या की आशंका जता रहे हैं। पड़ोसी के मुताबिक नौ जून को मंटू कुछ लोगों के साथ देखा गया था। उसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकला। ऊपरी तल पर रहने वाले भाई को भी भनक नहीं लगी। जबकि मंटू के कमरे के बगल से सीढ़ी है। उसी से होकर बड़े भाई का परिवार आता-जाता है।