पिपराइच के चिउटहां गांव में बुधवार की रात घराती और बाराती में खाने को लेकर विवाद के बाद मारपीट हो गई। दूल्हे के पिता तो रिश्तेदारों और बारातियों को लेकर चले गए, लेकिन लड़की वालों ने दूल्हे को बंधक बना लिया। देर रात पहुंची पुलिस ने दूल्हे को मुक्त कराने के बाद अपनी मौजूदगी में शादी कर्राई।
भटहट प्रतिनिधि के अनुसार मोगलहां गांव से बुधवार की रात बारात चिउटहां गांव में आई थी। द्वारपूजा के दौरान हो रही आतिशबाजी से गेहूं के डंठल में आग लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना के बाद बारातियों से लड़की के घरवालों की कहासुनी हो गई।
इसके बाद रात करीब 11:30 बजे भोजन करते समय कुछ बारातियों ने खाना खराब बनने की शिकायत करते हुए पत्तल टेबल के नीचे फेंक दिए। खाने की आलोचना करने पर घारातियों ने विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लड़की के भाई का सिर फट गया। इससे गुस्साए गांव के लोगों ने बारातियों की पिटाई कर शुरू कर दी। उन्होंने दूल्हे के साथ ही उसके कुछ दोस्तों को बंधक बना लिया। उधर, इस घटना से नाराज दूल्हे के पिता बारातियों के साथ ही रिश्तेदाराें को लेकर रात में ही लौट गए। दूल्हे को बंधक बनाने की सूचना पर पहुंची पिपराइच पुलिस ने उसे मुक्त कराने के साथ ही देर रात शादी कराई। घटना के संबंध में किसी ने किसी ने थाने में शिकायत नहीं की है।