पूर्वोत्तर रेलवे में फर्जी नियुक्ति पत्र के जरिये नौकरी देने की कोशिश के मामले में आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक के तहकीकात में किसी बड़े गिरोह के शामिल होने का अंदेशा है। इसे देखते हुए रेवाड़ी आरपीएफ पोस्ट को फैक्स करके जानकारी दी गई है। वहीं विजिलेंस भी पड़ताल में लगी है कि ठगी करने वालों के नेटवर्क में कुछ और युवक तो नहीं फंसे हैं।
हरियाणा, रेवाड़ी के विकास यादव ने आरपीएफ को पूछताछ में जो जानकारी दी है, वह काफी चौंकाने वाला है। विकास के मुताबिक टीसी पद के लिए उसकी परीक्षा दिल्ली के एक स्कूल में कराया गया था। उसे स्टेशन से एक बस भेजकर बुलाया गया था, जिसमें पहले से कुछ और युवक थे। बाकायदा उसकी परीक्षा कराई गई और एवज में मोटी रकम ली गई है। जबकि गार्ड पद पर ज्वाइन करने आए दोनों युवकों का अभी पता नहीं चल सका है। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि विकास ने रेवाड़ी में तहरीर देने की बात कही थी। उसके शिकायती पत्र को रेवाड़ी पोस्ट पर फैक्स से भेजा गया है।