गोरखपुर यूनिवर्सिटी में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए बाइक सवार युवकों ने प्रशासनिक भवन परिसर में इंजीनियर की पिटाई कर दी। घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कुलपति को ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे यूनिवर्सिटी के इंजीनियर श्रवण कुमार को खोजते हुए ठेकेदार पुत्र चार बाइकों पर अपने गुर्गों के साथ प्रशासनिक भवन परिसर में पहुंचा। ठेकेदार पुत्र और इंजीनियर का आमना-सामना हुआ तो दोनों में बहस शुरू हो गई। बात बढ़ी तो ठेकेदार पुत्र ने साथियों के साथ इंजीनियर श्रवण कुमार की धुनाई कर दी। पीड़ित इंजीनियर ने बताया कि करीब 20 लाख की लागत से हीरापुरी कॉलोनी में पार्क का निर्माण हो रहा है। इसका ठेका राकेश शाही को दिया गया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उनको टोका गया था। इस पर राकेश से बहस हुई तो कुछ देर बाद ठेकेदार के बेटे ने अपने गुर्गों के साथ आकर हमला कर दिया। इंजीनियर ने आरोप लगाया कि हमलावर जाते-जाते असलहा लहराकर जान से मारने की धमकी भी दे गए। इंस्पेक्टर कैंट ओम हरि बाजपेयी ने बताया कि ठेकेदार और उसके बेटे के खिलाफ मारपीट एवं एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कामकाज ठप कर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद यूनिवर्सिटी कर्मचारी आक्रोशित हो उठे। कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर हमलावरों पर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे वीसी प्रो. अशोक कुमार को पीड़ित इंजीनियर ने घटना की जानकारी दी। कर्मचारियों ने वीसी को ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। उधर घटनास्थल पर पहुंची कैंट पुलिस ने पूरे मामले की पड़ताल की। इसके बाद केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई।
सुरक्षा व्यवस्था फिर उठा सवाल
गोरखपुर यूनिवर्सिटी में मारपीट की घटना से एक बार फिर कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कभी किसी शिक्षक की पिटाई हो रही है तो कभी किसी कर्मचारी और विद्यार्थी की। पिछले महीने चीफ प्रॉक्टर को अराजकतत्वों ने पीट दिया था। इससे पहले फायरिंग की घटना और कॉमर्स संकाय प्रतिनिधि को बाहरी तत्वों द्वारा पीटने का मामला भी सामने आया था। इन घटनाओं के बावजूद यूनिवर्सिटी की सुरक्षा-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। शनिवार को भी जब प्रशासनिक भवन परिसर में युवक इंजीनियर को पीट रहे थे, तब कोई सुरक्षाकर्मी भी नजर नहीं आया।
सीसीटीवी फुटेज से होगी हमलावरों की पहचान
जहां इंजीनियर के साथ मारपीट की घटना हुई, वह जगह सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है। कुलपति ने बताया कि इंजीनियर श्रवण कुछ हमलावरों को पहचान रहे हैं। जिन्हें वह नहीं पहचान सके, उनकी शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे कि सभी हमलावरों की पहचान हो सके और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।
ठेकेदार पर भी हो सकती है कार्रवाई
इंजीनियर को पीटने के मामले में ठेकेदार भी मुश्किल में पड़ सकते हैं। कुलपति ने प्रकरण में सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि ठेकेदार के काम की भी जांच कराई जाएगी। ईंट की गुणवत्ता समेत कुछ अन्य बिंदुओं पर शिकायत मिली है। साथ ही इसे लेकर मारपीट भी हो गई है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।