सिनेप्लेक्स में लगी आग के बाद जला सामान हटाते लोग।
- फोटो : Amar Ujala
शहर में आग की दो बड़ी घटनाओं में फायर महकमे की हकीकत उजागर होने पर डीआईजी सख्त हो गए हैं। डीआईजी ने सभी फायर अफसरों से बहुमंजिली इमारतों, भवनों, बाजारों, दुकानों में फायर के इंतजाम जांचने का आदेश दिया है। तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट भी मांगी है। बाजार में दुकानों, बड़े भवनों पर जहां फायर फाइटिंग उपकरण नहीं हैं, वहां दुकान मालिक या भवन स्वामियों से संपर्क कर जल्द उपकरण लगवाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।
डीआईजी नीलाब्जा चौधरी ने शनिवार को रेंज के चारों जिले के पुलिस कप्तानों को फायर महकमे से फायर फाइटिंग सिस्टम की जांच कराने का आदेश दिया है। ऐसी शिकायतें आई हैं कि प्रमुख बाजार, बहुमंजिली इमारतों में फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं लगे या फिर काम नहीं करते हैं। ऐसे स्थानों की जांच कर वहां फायर सिस्टम को ठीक कराने का निर्देश दिया है, जिससे आपदा की स्थिति में आग की घटनाओं से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी आग लगने के बाद उपकरण के न होने या फिर खराब होने की शिकायत आई तो फायर महकमे के अफसरों पर कार्रवाई की जाएगी।
फायर फाइटिंग सिस्टम नियमानुसार हर जगह होने चाहिए। इसकी जांच कराने का आदेश दिया गया है और रिपोर्ट मांगी गई है। लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जांच में बाजार, दुकान में फायर उपकरण न होने पर लगाए जाने का भी आदेश दिया गया है।
- नीलाब्जा चौधरी, डीआईजी