खोराबार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर फोरलेन पर आधी रात तेज रफ्तार ट्रक ने डिवाइडर पर बैठे दो युवकों को रौंदकर कार में टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में बैठे प्रधान समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार शहर के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में चल रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों के घर वालों को हादसे की सूचना दी। वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के मुताबिक पिपराइच थाना क्षेत्र के लखेसरा गांव की एक लड़की का तिलक कुशीनगर के हाटा के मथौली गांव में गया था। तिलक चढ़ाने के लिए लखेसरा गांव के प्रधान रवि यादव अपनी कार से तीन साथियों विपिन कुमार यादव (25) पुत्र राजेंद्र यादव, बबलू यादव(26) पुत्र दूधनाथ यादव, राजेन्द्र शर्मा(30) पुत्र विदेशी के साथ गए थे। प्रधान रवि खुद ही गाड़ी चला रहे थे। शुक्रवार को रात में लगभग साढ़े बारह बजे वापसी के दौरान तेज आंधी आने पर जगदीशपुर के पास गाड़ी रोक दी।
डिवाइडर पर विपिन यादव व बबलू यादव बैठे थे।रवि और राजेंद्र कार में ही बैठे थे। तभी पीछे से आई ट्रक ने डिवाइडर पर बैठे दो लोगों को रौंदते हुए कार में जा घुसी, जिससे डिवाइडर पर बैठे दोनों युवकों की मौत हो गई। कार में बैठे रवि और राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।