भाटपार तैरना पुल के पास सोमवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने युवक की हत्या कर फेंकी गई लाश बरामद की। पुलिस ने शव के शिनाख्त की कोशिश की लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि युवक की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को लाकर यहां फेंका गया है। पुलिस जांच में जुटी है।
सोमवार की सुबह पुल के करीब टहलने निकले लोगों ने शव देखा। इसके बाद बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। तकरीबन 40 वर्षीय युवक के नाक और मुंह से खून निकल रहा था और गले पर कसे जाने का निशान था। उसके हाथ पैर भी बांधे गए थे। क्षेत्र में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शव के पहचान की कोशिश की जा रही है।