देईपार गांव के पास बृहस्पतिवार की रात बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी को गोली मारकर बाइक लूट ली, लेकिन वारदात के समय मौके पर जेसीबी आती देख बदमाश लूटी गई बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने व्यापारी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टर ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
पिपरौली प्रतिनिधि के अनुसार सहजनवां के मुंडा कोडरा निवासी अर्जुन शुक्ला की जैतपुर में कपड़े की दुकान है। वह बृहस्पतिवार की रात में 10:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी बीच देईपार गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचे के बट से हमला कर बदमाशों ने अर्जुन की बाइक छीनने का प्रयास किया, विरोध करने पर फायरिंग कर दी। जांघ में दाईं तरफ गोली लगने के बाद अर्जुन ने बाइक छोड़ दी। इसी बीच सामने से जेसीबी आ गई जिसे देखकर बदमाश घटनास्थल पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गए।
घायल कपड़ा व्यापारी ने घटना की सूचना घरवालों के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टर ने अर्जुन की हालत खतरे से बाहर बताई है। अर्जुन के पिता केशव ने पुलिस को बताया कि बदमाश कुछ लूटकर नहीं ले जा पाए। एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह ने बताया पीड़ित परिवार ने घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी है फिर भी पुलिस छानबीन कर रही है।
पहले मामा की दुकान पर काम करते थे अर्जुन
अर्जुन दो भाइयों में छोटे हैं। जैतपुर में उनके मामा ब्रह्मदेव तिवारी की भी कपड़े की दुकान है। पहले वह मामा की दुकान पर ही बैठते थे। बाद में उनके पिता ने जैतपुर चौराहे पर कपड़े की दुकान खोल ली जिसके बाद अर्जुन वहां बैठने लगे। अर्जुन रोजना घर से दुकान पर आते-जाते थे, जबकि उनके पिता दुकान के पिछले हिस्से में रहते हैं।