गोली लगने से घायल वाणिज्यकर में सीनियर ऑडिटर।
- फोटो : Mahesh Kumar
वॉटर पार्क के पास सोमवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने वाणिज्य कर विभाग के सीनियर ऑडिटर को गोली मार दी। वारदात के समय वह बाइक से ऑफिस जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने के साथ ही घेराबंदी भी की, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। खोराबार पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम तफ्तीश कर रही है।
मऊ के मूल निवासी अब्दुल राशिद शाहपुर के संत हुसैन नगर कालोनी में रहते हैं। वह वाणिज्य कर विभाग में सीनियर ऑडिटर के पद पर तैनात हैं। सोमवार की सुबह वह बाइक से तारामंडल स्थित ऑफिस जाने के लिए निकलेे। सुबह 10:30 बजे वह पैड़लेगंज से वॉटर पार्क के पास पहुंचे ही थे कि इसी बीच पीछे से हेलमेट लगाकर पहुंचे बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक करते ही उनके दाएं पैर में जांघ के पास गोली मार दी।
इसके बाद बदमाश सर्किट हाउस की तरफ फरार हो गए। राशिद ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम के साथ ही परिवार को दी। मौके पर पहुंचे हॉक दस्ते के सिपाहियों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। अब्दुल राशिद का 15 दिन पहले ही वाणिज्य कर विभाग में ट्रांसफर हुआ है। इससे पहले वह गोरखपुर जिला उद्योग केंद्र में तैनात थे। वहां वह वर्ष 2007 में भदोही से ट्रांसफर होकर आए थे।
जिला अस्पताल पहुंचे एसपी (सिटी) हेमराज मीणा, सीओ कैंट अभय मिश्रा को उन्होंने बताया कि दोनों बदमाश हेलमेट लगाए थे। वह बाइक से उनके करीब आए और पीछे बैठे बदमाश ने उन्हें गोली मार दी। उन्होंने किसी के साथ भी दुश्मनी से इंकार किया है। उधर, राशिद पर जानलेवा हमले की सूचना मिलने पर इमामबाड़ा स्टेट के अदनान फारूख अली शाह, मियां साहब भी जिला अस्पताल पहुंचे। एसपी (सिटी) ने बताया कि बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि राशिद पर हमला उन्हें डराने के लिए किया गया है।