जम्मू से गुवाहाटी जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस में शनिवार की रात सिपाहियों ने यात्री से 40 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद वे कोच से उतर गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी जीआरपी कंट्रोल रूम में दी। इंस्पेक्टर ने अज्ञात सिपाहियों पर लूट का केस दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज के रिकार्ड से मामले की छानबीन चल रही है।
जम्मूतवी से गुवाहाटी जाने वाली ट्रेन नंबर 15654 अमरनाथ एक्सप्रेस शनिवार की रात 10:30 बजे गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची। कोच संख्या एस - 3 में जनरल टिकट लेकर बैठे पश्चिम बंगाल के संजय कुमार ने 10:40 पर जीआरपी कंट्रोल रूम में फोन कर बताया कि स्टेशन पर कोच में चढ़े तीन सिपाहियों ने उनकी जेब में रखे 40 हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर पिटाई करके उतर गए। संजय ने बताया कि सिपाहियों ने नेम प्लेट नहीं लगाया था।
मामले की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर जीआरपी गिरजाशंकर त्रिपाठी प्लेटफार्म पर पहुंचे लेकिन ट्रेन छूट चुकी थी। जिस नंबर से संजय ने कंट्रोल रूम में फोन किया था, वह कॉल करने पर बंद मिला। थाने पहुंचने के बाद अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ उन्होंने अपनी तहरीर पर लूट का केस दर्ज कराया।
इंस्पेक्टर गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि सूचना के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन चल रही है। घटना जिस समय की बताई जा रही है, उस समय का सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाया जा रही है। जल्द ही घटना की सच्चाई का पता लगा लिया जाएगा। अब तक कि जांच में गोरखपुर पोस्ट के किसी सिपाही की भूमिका इस मामले में सामने नहीं आई है।