फर्टिलाइजर में शुक्रवार की रात कलेक्शन एजेंट को प्रधानी चुनाव की रंजिश में गोली मारी गई थी। पीड़ित के साथ ही उसके घरवालों ने लूट की घटना से इन्कार करते हुए शनिवार की सुबह प्रधान प्रत्याशी के भाई और उसके अज्ञात साथियों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल कलेक्शन एजेंट की हालत अब खतरे से बाहर है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार मोहरीपुर निवासी रामअवध निषाद (35) बरगदवां में स्थित संजय गुप्ता की हेचरी में कलेक्शन एजेंट का काम करते हैं। शुक्रवार की रात 9:30 बजे निचलौल के व्यापारियों से रुपये वसूलकर लौट रहे थे। फर्टिलाइजर में बाइक सवार बदमाश ने गोली मार दी थी। घटनास्थल पर पहुंचे रामअवध के छोटे भाई जुगुल ने किसी से दुश्मनी से इन्कार करते हुए लूट का अंदेशा जताया था।
देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचे पिता दूधनाथ ने जंगल बहादुर ने प्रधानी का चुनाव लड़े डिस्को पहलवान के भाई असगर पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया। एसओ चिलुआताल रामपाल यादव को उन्होंने बताया कि विपक्ष में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी का सहयोग करने पर असगर ने बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।