गोरखपुर। चौरीचौरा के अयोध्याचक गांव में शुक्रवार की रात घर में महिला को बंधक बनाकर डकैतों ने लूटपाट की। विरोध करने पर पति को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। रुपये और गहने समेट डकैत खिड़की के रास्ते भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अयोध्याचक गांव के रहने वाले रमेश गौड़ के घर में शुक्रवार की रात 12:30 बजे डकैत छत के रास्ते दाखिल हुए। कमरे में पहुंचने के बाद रमेश की पत्नी रीतू को जगाकर तमंचा सटा दिया। कपड़े से मुंह बांधने के बाद गहने उतरवाने के साथ ही बॉक्स में रखे 30 हजार रुपये निकाल लिए। घर में हलचल की आहट पाकर जगी रमेश की मां दुलारी देवी ने बरामदे में सो रहे बेटे इंद्रेश को आवाज दी।
घरवालों के जागने पर डकैत खिड़की के रास्ते भाग निकले। रमेश के कमरे में पहुंची दुलारी देवी ने रीतू के मुंह पर बंधा कपड़ा खोलने के साथ ही बेटे को जगाया। मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई। सूचना पाकर सीओ चौरीचौरा एसएन सिंह, एसओ राधेश्याम मौके पर पहुंचे। रीतू ने चार की संख्या में डकैतों के कमरे में आने की बात बताते हुए अंधेरा होने के कारण चेहरा न देख पाने की बात बताई। डकैत पति को बम से उड़ाने की धमकी दे रहे थे। पुलिस डकैती की कहानी पर संदेह जता मामले की छानबीन में जुटी है।
एक लाख रुपये के बारे में पूछ रहे थे डकैत
रमेश ने बताया कि उसका छोटा भाई हृदेश मुंबई में रहता है। घर बनवाने के लिए उसने एक लाख रुपये भेजने की बात कही थी। एक सप्ताह पहले तीस हजार रुपये बैंक अकाउंट में भेजे थे। शुक्रवार को खाते से 30 हजार रुपये निकालकर लाए थे। डकैत पिटाई कर पत्नी से एक लाख रुपये के बारे में पूछ रहे थे।