बड़हलगंज में शुक्रवार के ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
- फोटो : Amar Ujala/file photo
कोड़ारी गांव में शुक्रवार को हुए दो पक्षों के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने घटना में 41 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी बनाए गए ग्रामीण घर छोड़कर फरार हैं। शनिवार को पुलिसवालों ने गांव में गश्त कर खुद की मौजूदगी जताई। वहां अभी भी पुलिस बल तैनात है।
शुक्रवार को किराना व्यापारी अशोक सिंह के भाई संजीव सिंह ने एक युवक से उधारी का तगादा किया तो विवाद हो गया। थोड़ी ही देर में मामला जातीय संघर्ष का रूप लेने लगा और एक पक्ष के लोगों ने जुटकर हमला अशोक की दुकान पर धावा बोल दिया। इसमें उनके भाई संजीव सिंह और अभिषेक सिंह घायल हो गए। दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष में रोकने पहुंची पुलिस को भी लोगों ने निशाना बनाया। सीओ समेत आधा दर्जन पुलिसवाले चोटिल हुए और पुलिस जीप भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई। घटना में घायल पक्ष और पुलिसवालों की दी गई तहरीर पर दूसरे पक्ष के 41 नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इसके बाद से दूसरे पक्ष के पांच दर्जन घरों के पुरुष सदस्यों ने गांव छोड़ दिया है। वहीं गांव के बाहर पुलिस के जवान तैनात है।
विद्यालय पर भी रहा सन्नाटा
गांव में हुए संघर्ष के बाद उपजा खौफ शनिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर भी देखा गया। यहां नामांकित 57 बच्चों में मात्र तीन ही स्कूल पहुंचे। जो दूसरे टोले के थे। गांव का माहौल देख तीनों बच्चे इस कदर भयभीत हुए कि वो शिक्षकों से घर पहुंचाने की गुहार लगाने लगे। बच्चों की मनोदशा देख शिक्षक भी द्रवित हो उठे।