पीपीगंज में जंगल कौड़िया पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार की दोपहर प्राइवेट बस की पिकअप में टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी के अलावा बस में बैठे नौ यात्री घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज में भर्ती खलासी की हालत गंभीर है। हादसे के कारण सोनौली हाईवे पर एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
जंगल कौड़िया, पीपीगंज प्रतिनिधि के अनुसार बृहस्पतिवार की दोपहर प्राइवेट बस गोरखपुर से सवारी लेकर सिद्धार्थनगर जा रही थी। जंगल कौड़िया पेट्रोल पंप के पास दोपहर तीन बजे सामने से आ रही पिकअप से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में चिलुआताल, जंगल बहादुर अली के रहने वाले पिअकप चालक उमर (30) की मौके पर मौत हो गई, जबकि खलासी बहरइची गुप्ता (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस पटरी पर चली गई। इसमें बैठे सिद्धार्थनगर, धर्मसिंहवा के अशोक पांडेय (34), राजेश पांडेय (33), राजकमल (29), सोनू (17), रामनेवास (40), आरती (37), शहाबुद्दीन (27), जावेद (25) और गोरखपुर बगही बारी के रहने वाले एमपी तिवारी (42), राघवेंद्र (38) घायल हो गए।
हादसे के समय पीपीगंज से गोरखपुर आ रहे सदर सांसद महंत आदित्यनाथ ने मौके पर रुककर घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचवाया। वहां से पिकअप के खलासी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण गोरखपुर -सोनौली मार्ग पर एक घंटे तक गाड़ियों का आवागमन ठप रहा।