नटिनी गांव में रविवार को आग लगने से झोपड़ी में सो रहे मासूम भाई बहन की जलकर मौत हो गई। गांव के राम दयाल की बेटी सन्नो की शादी थी। दोपहर दो बजे घर के बाहर चूल्हे पर भोजन बनाने का काम चल रहा था।
इसी बीच चिंगारी से बगल के मुकेश की झोपड़ी में रखे भूसे में आग पकड़ ली। तेज हवा के कारण आग की लपट ने मुकेश की झोपड़ी के अलावा रामदयाल, सुभाष, नरसिंह, जवाहिर, सुरेश, रूदल, इंद्रजीत, रामसागर, आसरे और राजकुमार सहित एक दर्जन लोगों की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया।
आग इतनी तेज थी कि मुकेश के सो रहे दो बच्चे शिवम (4 वर्ष) और संगिनी (6 वर्ष) को बाहर निकालने का मौका नहीं मिला और जलकर मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस, एसडीएम, तहसीलदार, पीएसी और दमकल गाड़ी घटना स्थल पर पहुंच गई। बताया गया कि हवा तेज होने की वजह से झुड़िया गांव के रामजी और रामकवल यादव की झोपड़ी भी जल गई।