जमीन पर कब्जा कराने के साजिश के आरोपों में घिरे बांसगांव से भाजपा सांसद कमलेश पासवान ने शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट में समर्पण की अर्जी दी है। कोर्ट की ओर से कैंट थाने से केस संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। इसकी पुष्टि फोन पर सांसद ने भी की।
कैंट थाना क्षेत्र के नहर रोड पर एक एकड़ 13 डिस्मिल जमीन पर बाउंड्रीवाल तोड़कर कब्जा करने की कोशिश की गई थी। मोहम्मद असल उल्लाह की तहरीर पर कैंट पुलिस ने भाजपा सांसद कमलेश पासवान और उनके कारोबारी मित्र सतीश नांगलिया सहित आठ नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सबकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तारी से बचने के लिए ही सांसद ने कोर्ट में समर्पण की अर्जी दी है। कोर्ट में दी गई अर्जी में सांसद ने कहा है कि उन्हें पुलिस ने फर्जी मुकदमे में फंसाया है और उनके ऊपर गिरफ्तारी का दबाव बनाया जा रहा है, वह कोर्ट में समर्पण करना चाहते हैं।