लेनदेन के विवाद में सोमवार की दोपहर फर्नीचर की दुकान पर पहुंचे युवकों ने मारपीट कर ली। घटना के बाद दुकानदार ने दिनदहाड़े दो लाख रुपये लूटे जाने की सूचना देकर सनसनी फैला दी। जानकारी के बाद पहुंचे सीओ कैंट, एसओ शाहपुर ने छानबीन की तो सच्चाई सामने आई।
गुलरिहा के रहने वाले जितेंद्र मौर्या की असुरन पुलिस चौकी के पास फर्नीचर की दुकान और गोदाम है। सोमवार की दोपहर दो बजे दुकान पर जितेंद्र के साले सोनू बैठे थे। आरोप है कि एक बाइक से दो युवक दुकान में पहुंचे। सोनू पर असलहा तान कैश बाक्स में रखे दो लाख रुपये उठा ले गए। जितेंद्र ने घटना की जानकारी शाहपुर थाने पहुंचकर एसओ को दी।
खबर मिलने पर सीओ कैंट अभय मिश्रा एसओ के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन करने पर पता चला कि लेनदेन के विवाद में सोनू से युवकों की मारपीट हुई थी जिसके बाद उसने लूट की सूचना दे दी। एसओ शाहपुर आनंद शुक्ला ने बताया कि जितेंद्र ने कौवाबाग के रहने वाले राजू नाम के युवक से 10 डिस्मिल जमीन के लिए पांच लाख रुपये लिए थे।
जमीन की रजिस्ट्री न करने पर राजू रुपये मांग रहा था। दो साल पहले उसने चार लाख रुपये का चेक और एक लाख रुपये कैश लौटा दिया था। चेक बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया था। राजू ने जितेंद्र के खिलाफ तिवारीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। सोमवार को रुपये लेने के लिए दुकान वह साथियों के साथ पहुंचा था। लेनदेन के विवाद में मारपीट होने पर जितेंद्र ने लूट की सूचना दे दी।