मोहरीपुर में रविवार की शाम चौथ देकर घर लौट रहे दुल्हन के घरवालों पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। गांव के लोगों ने बीच-बचाव करने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दस मार्च को शादी में दुल्हन के घरवालों और बारातियों में मारपीट हो गई थी।
चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार मोहरीपुर गांव के रहने वाले सुरेश की बेटी अनीता की 10 मार्च को शादी थी। बारात गुलरिहा के मोगलहा से आई थी। द्वारपूजा में घरातियों और बारातियों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। रविवार को अनीता के भाई के साथ ही पट्टीदारी का युवक चौथ लेकर मोगलहा आए थे। शाम पांच बजे लौटते समय गांव के युवकों ने बाइक से पीछा शुरू कर दिया।
मोहरीपुर में लक्ष्मी धर्मकांटा के पास ओवरटेक कर रोकने के बाद डंडे से हमला कर दिया, जिसमें सुरेश के पट्टीदार बिद्रेश, जालंधर, प्रदीप, महेश और दो अन्य घायल हो गए। घटना के संबंध में परिवार के लोगों ने चिलुआताल थाने में तहरीर दी है।