गोरखपुर। टेकवार में सोमवार की दोपहर बाइक सवार बदमाश ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर 20 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित महिला पथरी के ऑपरेशन के लिए बैंक से रकम निकालकर पैदल घर जा रही थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
खजनी प्रतिनिधि के अनुसार लोनिया गांव के सिकड़ियां टोला निवासी राधिका (60) के पथरी के ऑपरेशन के लिए एक रिश्तेदार ने खजनी के टेकवार स्थित भारतीय स्टेट बैंक में 20 हजार रुपये भेजे थे। सोमवार की दोपहर 12:30 बजे राधिका ने खाते से रकम निकाली। जब वह टेंपो पकड़ने टेकवार चौराहे की तरफ जा रही थीं तभी लाल रंग की बाइक से आया बदमाश झोला छीनने लगा। विरोध करने पर धक्का देकर राधिका को गिराने के साथ ही वह झोला लेकर उनवल कस्बे की तरफ फरार हो गया। घटना के बाद राधिका ने बैंक पहुंचकर लूट की सूचना प्रबंधक के साथ ही कर्मचारियों को दी। बैंक वालों से सूचना पाकर खजनी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।