सपा और कांग्रेस गठबंधन के बाद भी खजनी विधानसभा में दोनों ही दलों के प्रत्याशियों के मैदान में होने पर सोमवार को मारपीट हो गई। सिकरीगंज इलाके के महदेवा बाजार में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी कमल किशोर के काफिले पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि सपा प्रत्याशी की अगुवाई में समर्थकों ने काफिले को रोककर प्रत्याशी पर हमला किया। दोनों ही पक्षों से सिकरीगंज थाने में एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है।
गठबंधन के बाद पहले खजनी विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई थी। कांग्रेस ने सीट से पूर्व सांसद कमल किशोर को अपना प्रत्याशी बनाया मगर उसके बाद ही सपा के ओर से रूपावती बेलदार ने नामांकन कर दिया। सपा ने उन्हें अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। इन दोनों के मैदान में होने की वजह से सीट पर गठबंधन की बात नहीं बन पा रही है और दोनों के ही समर्थक खुद को गठबंधन का प्रत्याशी बताकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी सपा और कांग्रेस का झंडा लगाकर जा रहे थे तभी सपा प्रत्याशी भी उधर से गुजर रही थीं और विवाद हो गया। आरोप है कि रूपावती के समर्थक सपा नेता हरिवंश यादव ने मारपीट कर दी। इस दौरान उधर से गुजर रहे एसडीएम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। दोनों ही प्रत्याशियों के पदाधिकारी भी पहुंच गए थे। कमल किशोर ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है। वहीं, रूपावती के समर्थक हरिवंश यादव ने भी खुद के साथ बदसलूकी करने की तहरीर दी है।
चुनाव प्रचार के दौरान मुझ पर हमला किया गया। मैं प्रचार में निकला था और गाड़ी पर सपा और कांग्रेस का झंडा लगा था। गठबंधन का मैं प्रत्याशी हूं। तहरीर दे दी है।
-कमांडो कमल किशोर, कांग्रेस प्रत्याशी
मुझसे कोई विवाद नहीं हुआ है। सपा के विधान सभा अध्यक्ष हरिवंश यादव से कोई कहासुनी हुई है जिसकी पूरी जानकारी नहीं है। मैं वहां पर नहीं थी उन्होंने ही तहरीर दी होगी।
-रूपावती बेलदार, सपा प्रत्याशी