हरपुर-बुदहट में आमी नदी के तट पर बर्तन के लिए मिट्टी खोद रहे कुम्हार की अड़ार टूटकर गिरने से मौत हो गई। रविवार की दोपहर जब हादसा हुआ तो कुम्हार के बेटे के शोर मचाने पर पहुंचे गांव के लोेेगों ने मिट्टी का ढेर हटाकर उन्हें बाहर निकालने के साथ ही प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी मौत हो गई।
हरपुर-बुदहट प्रतिनिधि के अनुसार जबरैला, विषकोहर गांव के रहने वाले पूजन (60) मिट्टी के बर्तन बनाते थे। रविवार की दोपहर वह आमी नदी के तट पर मिट्टी निकालने गए थे। साथ में उनका बेटा मिथिलेश भी था। मिट्टी निकालने के बाद कमलेश उसे पहुंचाने घर चला गया था। लौटकर आने पर उसने देखा कि ताल में खोदा गया गड्डा मिट्टी से भर गया था और पिता पूजन उसमें दबे पड़े थे।
मिथिलेश के शोर मचाने पर जुटे गांव के लोगों ने पूजन को बाहर निकालने के साथ ही उन्हें सीएचसी सहजनवां पहुंचाया। वहां उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन परिवार के लोगों ने उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई।