महाजरंगज के घुघली थानाक्षेत्र में खेत में युवती के शव मिलने के बाद एकत्रित गांव वाले
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव आगरा के बाद अब गोरखपुर मंडल से बड़ी खबर है। महाराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र के गांव बारीगाव के टोला पकडीहवा में बृहस्पतिवार दोपहर प्राथमिक विद्यालय से सटे गन्ने के खेत में युवती का शव मिला है। युवती के सिर पर मिले निशान से स्पष्ट है कि युवती को मारकर यहां फेंका गया। हत्या भी बेहद निर्मम तरीके से की गई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लिया। युवती के सिर पर कई जगह धारदार हथियार के निशान मिले। युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बेटी के हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बारीगांव के टोला पकडीहवा निवासी युवती बृहस्पतिवार सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस घर नहीं लौटी तो परिजनों ने गांव में उसके जानने वालों के घर जाकर पूछताछ की। टोले मुहल्ले में काफी देर खोज करने के बाद परिजन निराश घर बैठे थे और पुलिस में गुमसूदगी की सूचना देने की तैयारी कर रहे थे।
गन्ने के खेत में युवती का खून से लथपथ शव
महाजरंगज के घुघली थानाक्षेत्र में खेत में युवती के शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
इसी बीच प्रथमिक स्कूल के बच्चों ने विद्यालय परिसर से सटे गन्ने के खेत में युवती का खून से लथपथ शव देखा।
बच्चों ने इसकी जानकारी शिक्षकों व आस पास के ग्रामीण वालों को दी। ग्रामीणों ने फौरन शव के बारे में गांव के प्रधान के बताया। प्रधान ने मौके पर पहुंच मृत युवती की पहचान की और मामले की जानकारी परिजनों के साथ पुलिस को दी। घटना की जानकारी होने पर परिजन चीखने चिल्लाने लगे।
उपनिरीक्षक मोहम्मद सुफियान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की सटीक जानकारी हो सकेगी। युवती के सिर पर धारधार हथियार के निशान मिले हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है।