चारपान खुर्द निवासी हरिओम पांडेय (57) की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के गोरखपुर की बेलीपार पुलिस ने हरिओम पांडेय की हत्या के एक आरोपी बृजेश उर्फ अंगद पांडेय को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
मृतक हरिओम पांडेय की पत्नी बिंदू देवी की तहरीर पर पुलिस ने बृजेश पांडेय, मार्कंडेय पांडेय, अरुण पांडेय, विपिन, अनिल और अनूप के खिलाफ मारपीट और हत्या की धारा में केस दर्ज किया था। पांच आरोपी अभी फरार हैं। गांव में एहतियातन दूसरे दिन भी पुलिस बल तैनात रही।
गौर हो कि बीते दिन लाठी और ईंट से सिर पर प्रहार कर अधिवक्ता के मुंशी की हत्या कर दी गई थी। शोर सुनकर आए घरवालों ने हत्यारोपी बृजेश उर्फ अंगद पांडेय को मौके पर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया था।
घटना की वजह भूमि विवाद सामने आया है। हरिओम पांडेय और बृजेश के बीच लंबे समय से भूमि के एक टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा है। बृजेश के बेटे मुकेश की बृहस्पतिवार को शादी तय है। फिर जमीन पर काम कराने को लेकर दो दिन पहले विवाद हो गया था।
बृहस्पतिवार की सुबह हरिओम पांडेय घर के बाहर झाडू़ लगा रहे थे। इसी दौरान बृजेश अपने सहयोगियों के साथ आ गए और फिर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान वहां पर पड़े ईंट से हरिओम के सिर पर प्रहार कर दिया जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आए घरवाले उपचार को लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
तीन लड़की और एक लड़के के पिता थे हरिओम
मृतक हरिओम की तीन लड़कियां विनीता, संगीत, अनीता और एक बेटा शशिबिंदु पांडेय है । शशिबिंदु सूरत में रहकर मजदूरी करते हैं। बड़ी बेटी विनीता की शादी हो चुकी है। हरिओम की पत्नी बिंदु रोते रोते बेहोश हो गई थी। आरोपी बृजेश उर्फ अंगद ऑटो चलाता है। उसे पत्नी का हरिओम पांडेय के साथ अनैतिक संबंध होने का भी संदेह था।
..
पिता थाने में, बेटे की गई बरात
आरोपी बृजेश उर्फ अंगद पांडे के दो पुत्र व एक पुत्री है। बृहस्पतिवार को ही बड़े पुत्र मुकेश की बरात गोरखपुर जनपद के झझवा, पोस्ट शंकरपुर गई। आरोपी की पत्नी कुसुम का कहना है पति शराब के नशे के कारण मानसिक रूप से विक्षिप्त है, लड़का देवरिया में फल का कारोबार करता है। शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मन बहुत दुखी है किंतु शादी की रस्म अदायगी पूरी की जाएगी।