खोराबार क्षेत्र की एक युवती ने सहजनवा के युवक पर शादी का झांसा देकर दो साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। बकौल युवती, दो बार गर्भपात कराने वाले युवक के जान से मारने की धमकी देने पर जब उसने कैंट पुलिस से शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी ने इस मामले में जांच का आदेश दिया है।
खोराबार की युवती ने प्रेस क्लब में बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि वह ब्यूटी पार्लर का कोर्स करने के साथ ही टीपीनगर में एक हॉस्पिटल में नौकरी करती थी। इसी दौरान सहजनवां क्षेत्र का रहने वाला एक युवक हॉस्पिटल में अक्सर आता-जाता था। उससे जान पहचान होने के बाद नजदीकी बढ़ गई। युवक शादीशुदा था, लेकिन उसका तलाक होने वाला था।
युवक ने झांसा दिया कि तलाक होने के बाद वह उससे शादी कर लेगा। इस दौरान वह दो बार गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी जब युवक को हुई तो उसने गर्भपात करा दिया। बकौल युवती जब उसने युवक से शादी करने को कहा तो उसने इन्कार कर दिया। युवती का आरोप है कि 27 नवंबर को युवक ने उसके घर आकर उसे और घरवालों को जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत कैंट पुलिस से की गई लेकिन आरोपी युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।