बाजारों में सब्जी वाले से लेकर फल विक्रेता, परचून की दुकान, मूंगफली विक्रेता आदि अधिकांश दुकानों पर पॉलीथिन मिल रही है। पॉलीथिन पर रोक लगाए जाने की बात कहते हुए इसका प्रयोग न करने के लिए एक दुकानदार से कहा तो उसने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर में तो कहीं भी पॉलीथिन का प्रयोग करने पर रोक नहीं है।
जिला प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन के पॉलीथिन के प्रयोग करने पर कार्रवाई न किए जाने से स्थानीय लोगों में पॉलीथिन का प्रयोग बंद करने को लेकर कोई खौफ नजर आ रहा है। शहर की अधिकांश बाजारों में दुकानदार पॉलीथिन में खाद्य पदार्थों एवं अन्य पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। दातागंज नगर पालिका परिषद के ईओ ने मंगलवार को पॉलीथिन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों का स्टॉक की जानकारी लेते हुए पॉलीथिन का प्रयोग न करने के निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके शहर में पालिका परिषद की ओर से ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई। नगर पालिका परिषद ईओ ललतेश सक्सेना ने कहा कि शासन से अभी तक आदेश प्राप्त नहीं हुआ। आदेश मिलते ही पॉलीथिन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी कई बार पॉलीथिन का प्रयोग रोकने को लेकर कार्रवाई की जा चुकी है।
दुकानदार दिखा रहे ठेंगा
उघैती। प्रदेश सरकार द्वारा पॉलीथिन पर रोक लगाने के बाद भी यहां बाजार में पॉलीथिन का प्रयोग खुलेआम हो रहा है। रोक के बावजूद कस्बे के बाजारों में दुकानदार इसका प्रयोग कर रहे हैं। इससे साफ है कि अफसरों पर सरकार के आदेश का कोई असर नहीं हो रहा है। अभी तक कस्बे में पॉलीथिन प्रयोग करने वालों पर छापामार कार्रवाई नहीं की है।