कैंट इलाके में सरेराह छात्रा के साथ स्कूटर सवार तीन शोहदों ने छेड़खानी की। उनकी हरकत से परेशान छात्रा सड़क पर ही शोर मचाने लगी। उसने एक युवक पर पत्थर भी चला दिया। छात्रा का शोर सुनकर जब आसपास के लोग एकत्र हुए तो युवक स्कूटर छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया। फरार तीसरे साथी की पुलिस तलाश कर रही है। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने छेड़खानी का केस दर्ज कर लिया है।
कूड़ाघाट की रहने वाली छात्रा पास में ही कोचिंग पढ़ने जाती है। मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वह कोचिंग से घर लौट रही थी। गली के सन्नाटे में स्कूटर सवार तीन शोहदों ने उसे रोक लिया और छेड़खानी शुरू कर दी। छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र होने लगे। लोगों को जुटता देख शोहदे स्कूटर लेकर भागने लगे। इसी दौरान छात्रा ने सड़क पर पड़े पत्थर से प्रहार कर दिया। इससे स्कूटर गिर गई, लेकिन शोहदे स्कूटर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने जब स्कूटर के नंबर के आधार पर जांच की तो दो शोहदे पकड़ लिए गए। छात्रा ने उनकी पहचान भी की। पुलिस ने केस दर्ज कर शोहदों को जेल भेज दिया। कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी ने बताया कि छात्रा के साथ छेड़खानी की शिकायत पर केस दर्ज कर दो युवकों को पकड़ा गया है। तीसरे की तलाश की जा रही है।