सहजनवां के खीरीडाड़ गांव में सोमवार की रात चुनाव में विरोध करने का आरोप लगा। कुछ लोगों ने एक परिवार की घर में घुसकर पिटाई की। कमरे में पुरुषों को बंधक बनाकर महिलाओं के साथ बदसलूकी भी की गई। यही नहीं दरवाजे पर खड़ी कार और ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया है।
सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार खीरीडाड़ गांव के रहने वाले सत्यवान सिंह के घर सोमवार की रात तकरीबन पंद्रह युवकों ने हमला कर दिया। चुनाव में विरोध करने का आरोप लगा पिटाई शुरू कर दी गई।
विरोध करने पर घर की महिलाएं शशिकला सिंह, निधि और निक्कू को भी पीटकर घायल कर दिया गया। शोर मचाने पर जुटे गांव के लोगों ने बीच-बचाव किया।
हमलावरों के साथ आए युवकों ने कार के साथ ही ट्रैक्टर में तोड़फोड़ की है। सत्यवान की तहरीर पर सहजनवां पुलिस ने खीरीडाड़ गांव के रहने वाले जयचंद, बबलू, जीतेंद्र, राकेश समेत 15 अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रयास, छेड़छाड़, बलवा और सेवन सीएलए के तहत केस दर्ज किया है।