गोरखपुर। कैंट के ह्वी पार्क के पास मोबाइल फोन लूटने वाले दो बदमाशों ने पीड़ित छात्र ने दौड़ा लिया। बदमाश मोबाइल फोन फेंककर और बाइक छोड़कर फरार हो गए। बदमाशों की बाइक लेने पुलिस की वर्दी में आए शख्स और उसके साथी को लोगों ने खदेड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुशीनगर के बरहा निवासी सुग्रीव साहनी एमपी इंटर कॉलेज में ग्यारहवीं के छात्र हैं। वह इंद्रानगर में किराए के कमरे में रहते हैं। बुधवार की शाम पांच बजे के करीब वह पैदल ही मोबाइल फोन से बात करते हुए ह्वी पार्क की ओर जा रहे थे। पैडलेगंज के आगे कस्तूरबा विद्यालय के बाइक पीछे से आए दो बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन लूट लिया। ह्वी पार्क गली की तरफ भागे बदमाशों का सुग्रीव ने पीछा किया। छात्र का शोर सुनकर राहगीर भी मदद में आ गए। लोगों से घिरता देख बदमाश बाइक छोड़कर फरार हो गए। थोड़ी ही देर बाद दो शख्स बाइक के पास पहुंचे। उनमें से एक पुलिस की वर्दी में था। उसने लोगों को आइकार्ड दिखाया।
उसके साथ आए दूसरे शख्स ने भी खुद को सिपाही बताया। दोनों बाइक को ले जाना चाह रहे थे, मगर लोगों ने कड़ा विरोध किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वर्दी में आए शख्स के नेम प्लेट पर सोहन राजभर लिखा था। सूचना पर आए मोहद्दीपुर चौकी इंचार्ज बाइक और पीड़ित को साथ ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।