सहजनवां में सीहापार फ्लाईओवर के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक परीक्षार्थी को अगवा कर बागीचे में ले जाकर उसे जमकर पीटा। आरोप है कि बागीचे में पिस्टल सटाकर हमलावरों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया है और फिर नौसड़ में लाकर छोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग घायल युवक को लेकर थाने पहुंचे। तहरीर मिलने के बाद पुलिस आरोपी युवकों की तलाश कर रही है।
खजनी थाना क्षेत्र के भीटी खोरिया निवासी शिवानंद पांडेय अपने दोस्त अनिकेत पांडेय के साथ संतकबीरनगर स्थित एक महाविद्यालय में राष्ट्र गौरव पेपर की परीक्षा देने गए थे। साढ़े ग्यारह बजे वह बाइक से लौट रहे थे। शिवानंद का कहना है कि सीहापार फ्लाईओवर के पास तीन बाइक पर सवार आठ युवक आए और अनिकेत को पीटकर छोड़ दिए। शिवानंद को बदमाश अगवा कर एक बागीचे में ले गए और वहां पर जमकर पिटाई करने के साथ ही पिस्टल सटाकर वीडियो भी बनाया, फिर नौसड़ ले जाकर छोड़ दिए।
उधर, अनिकेत ने शिवानंद के घरवालों को इसकी जानकारी दी। घर से लोग उसकी तलाश में निकल गए थे। नौसड़ के पास से शिवानंद ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल किया, लेकिन फोन नहीं मिला तो उसने घरवालों को सूचना दी। फिर घरवालों के साथ ही थाने पहुंचकर तहरीर दी है।