गोरखपुर।
रेलवे स्टेशन रोड से डग्गामारी कर प्राइवेट बसें चलवाने वाले मालिकों को शह देने और इसकी एवज में वसूली करने वाले दो युवकों को क्राइम ब्रांच ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी के निर्देश पर कैंट पुलिस ने देर रात दोनों युवकों पर रंगदारी का केस दर्ज कर लिया। आरोपियों में एक रिटायर दरोगा का बेटा भी बताया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन रोड से बिहार, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सोनौली रूट पर बगैर परमिट बसें चलती हैं। पिछले काफी दिनों से सिपाही समेत दो युवक बसों के संचालन के बदले पांच सौ लेकर डेढ़ हजार रुपये तक रंगदारी वसूल रहे थे। सूत्रों की माने तो रंगदारी वसूलने वालों में से रिटायर दरोगा के बेटे ने स्थानीय पुलिस से सांठगांठ कर रखी थी। यही नहीं, रंगदारी कुछ हिस्सा आरटीओ अधिकारियों को भी भेजा जाता था। रुपये न देने वाले बस संचालकों से बदसलूकी की जाती थी। इसकी शिकायत कुछ बस संचालकों ने पुलिस के आला अधिकारियों से की थी। इसके बाद एसएसपी ने क्राइम ब्रांच की टीम को कार्रवाई के लिए लगाया। सोमवार को रेलवे बस स्टेशन से पुलिस ने अमरनाथ शुक्ला और राजन पांडेय को रंगदारी वसूलते पकड़ लिया। कैंट इंस्पेक्टर मनोज पाठक ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवकों के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर लिया गया है।