खोराबार। तारामंडल के पास फर्जी कंपनी खोलकर विदेश भेजने के नाम पर रकम हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने दो लोगों की तहरीर पर केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कई लोगों के दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि वे बेरोजगारों को फंसाकर पासपोर्ट के नाम पर ही किसी से तीस तो किसी से 60 हजार रुपये वसूल लेते थे। फिर विदेश का टिकट और अन्य सुविधाओं का झांसा देकर रकम हड़प लेते थे।
आजमगढ़ निवासी अवधेश कुमार ने खोराबार थाने में केस दर्ज कराया था। उनके साथ ही कई और लोगों ने भी शिकायत की थी। एक के नाम पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि तारामंडल के पास फर्जी कंपनी खोलकर कुछ लोग बेरोजगारों से ठगी कर रहे हैं। पासपोर्ट के नाम पर रकम ऐंठने के बाद फिर टिकट के लिए रकम की वसूली की गई है। रकम देने के बावजूद जब लोग विदेश नहीं जा पाए तो शक हुआ। फिर लोग दफ्तर पर पहुंचे तो वह बंद मिला। मोबाइल फोन पर कॉल करने पर रकम लौटाने पर आरोपी हीलाहवाली करने लगे। इसके बाद लोगों ने थाने में शिकायत की थी।
पकड़े गए आरोपी की पहचान झंगहा इलाके के सरार मझगांवा निवासी सद्दाम हुसैन और बिहार के खगड़िया निवासी नौशाद के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।