गोरखपुर। तत्काल टिकट के लिए बनी व्यवस्था में सेंधमारी करने वाले सॉफ्टवेयर को बेचने के आरोप में गिरफ्तार दो युवकों को लेकर अहमदाबाद रेलवे पुलिस लौट गई। एक युवक को पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ दिया। पुलिस का कहना था कि छोड़े गए व्यक्ति का जुर्म से कोई लेनादेना नहीं था।
गुजरात में रेल टिकटों के आरक्षण व्यवस्था में सेंध लगाने के आरोप में मुर्गेश को पकड़ा गया था। उससे पूछताछ के बाद चौरीचौरा के भोपा बाजार निवासी जावेद, ताबीज और तहजीब उर्फ शावेज का नाम सामने आया था। मुर्गेश को साथ लेकर अहमदाबाद से गोरखपुर आई रेलवे पुलिस टीम चौरीचौरा पहुंची। वहां स्थानीय पुलिसकर्मियों की मदद से शुक्रवार को तीनों को हिरासत में ले लिया। रात में पूछताछ के बाद पुलिस ने ताबीज को छोड़ दिया। बाकी दोनों को लेकर पुलिस गुजरात लौट गई।