एटीएम कार्ड बदल कर लोगों के खातों से रकम उड़ाने वाले जालसाज को बुधवार की शाम को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से अलग-अलग बैंकों के दस एटीएम कार्ड और 28 हजार 500 रुपये बरामद किए।
इसके पकड़े जाने से आईटी एक्ट से संबंधित नौ घटनाओं का पर्दाफाश हुआ है। बुधवार की शाम कैंट इंस्पेक्टर मनोज पाठक हमराहियों के साथ रेलवे जीएम दफ्तर के सामने स्थित एटीएम के पास पहुंचे। पुलिस ने एटीएम के पास खड़े एक युवक को पकड़ कर तलाशी ली तो उसके पास से अलग-अलग बैंकों के दस एटीएम और 28 हजार 500 नकद रुपये मिले।
पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से एटीएम कार्ड बदलकर जालसाजी की वारदात को अंजाम दे रहा था। जालसाज की पहचान देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र के कपरवार घाट निवासी बृजेश पांडेय के रूप में हुई। वह गोरखनाथ क्षेत्र के दिग्विजयनगर कालोनी में रहकर वारदात को अंजाम देता था।