गोरखपुर।
कैंट इलाके के सिघड़िया में मनबढ़ ने इलेक्ट्रिक की दुकान में घुसकर कर्मचारी की पिटाई कर सिर फोड़ दिया। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर रिवाल्वर लहराते हुए फरार हो गया। कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि युवक पास का ही रहने वाला है और वह ठेकेदार है।
सिघड़िया में सुनील कुमार की एसके इलेक्ट्रिक नाम से दुकान है। दुकान पर आवास विकास कॉलोनी निवासी हृदय नंदन सिंह काम करते हैं। वह रिपेयरिंग का भी काम करते हैं। शुक्रवार की शाम सवा सात बजे के करीब मनबढ़ दुकान में घुस गया और हृदय शंकर को पीटने लगा। दुकान मालिक ने विरोध किया तो दुकान के बाहर खींचते हुए लेकर चला आया। आसपास के लोग भी मारपीट देखकर एकत्र हो गए, जिसके बाद मनबढ़ ने रिवाल्वर निकाल लिया और उसके बट से मारकर हृदय का सिर फोड़ दिया। इसी बीच एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस जब तक वहां पहुंची वह फरार हो गया था। हृदय ने बताया कि उसने पास के ही रहने वाले ठेकेदार को कुछ सामान दिलाया था। उसी सामान को महंगा और खराब बताते हुए उन्होंने मारपीट की है।