खोराबार (गोरखपुर)। रामनगर करजहां चौराहे के पास बोरे में बंधा युवक मिला। आरोप है कि ससुराल के लोगों ने उसे पीटने के बाद मृत समझकर उसे बोरे में बांधकर फेंक दिया था। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झंगहा के बरगदवा निवासी जनार्दन यादव (40) की खोराबार के रामलखना के अहिरवती टोला में ससुराल है। गांव के महावीर यादव की बेटी से शादी हुई थी। जनार्दन यादव को मानसिक रूप से बीमार बताकर पत्नी उससे संबंध तोड़ ली है। बृहस्पतिवार को गांव में पंचायत हुई थी। आरोप है कि पंचायत में दोनों ने अलग रहने का फैसला लिया था।
बृहस्पतिवार की शाम जनार्दन ससुराल गया और अपने 80 हजार रुपये वापस मांगने लगा। यह कैश उसने ससुराल के लोगों को उधार दिया था। आरोप है कि उसकी पिटाई की गई, फिर उसे मरा समझ कर ससुराल के लोगों ने रामनगर करजहा चौराहे पर बोरे में बांधकर फेंक दिया था। बोरे में शव पाए जाने की सूचना इलाके में फैलते ही वहां भीड़ एकत्र हो गई। इसी बीच इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें युवक जिंदा मिला। पहचान होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के पिता रामवृक्ष यादव ने बताया कि बेटे की तबियत सुधरने के बाद तहरीर देंगे।