गोरखपुर। माफिया विनोद उपाध्याय ने संतकबीरनगर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जहां उसे जेल भेज दिया गया। वहीं शरणदाता रामू पांडेय को खोराबार पुलिस ने कोनी तिराहे से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम पर रामू ने भागने के लिए फायरिंग भी की।
सीओ कैंट अभिषेक सिंह ने पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विनोद के शहर से बाहर होने पर शरणदाता रामू पांडेय ही उसका पूरा कारोबार देखता था। अपराधियों के इसके तालमेल थे और कई घटनाओं की इसने ही मॉनीटरिंग की है। पुलिस विनोद के साथ ही इसके तलाश में लगी थी। इसी बीच मुखबिर से पुलिस को रामू के कोनी तिराहे के पास होने की जानकारी मिली। खोराबार थानेदार गिरिजेश कुमार तिवारी हमराहियों के साथ वहां पर पहुंच गए और घेराबंदी कर ली। इसी बीच रामू ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने लगा, मगर पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके पास तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। उधर, माफिया विनोद ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।