गोरखपुर।
जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताजिया मार्ग के लिए विवाद हो गया। हालांकि पुलिस अफसरों के समझदारी से दोनों ही जगह पर विवाद सुलझा लिया गया और मुहर्रम जुलूस को पूरा कराया गया। दोनों ही जगह पर एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के मुताबिक खोराबार के सिसवां उर्फ चनकापुर गांव से निकले जुलूस में शामिल लोगों को चनकापुर अंडरपास के पास पानी पिलाने की व्यवस्था की गई थी। गांव के बीरू नाम के युवक ने वहीं पर ठेले पर दुकान लगा लिया था। जुलूस में शामिल लोगों के ठेला हटाने के लिए कहे जाने पर विवाद होने लगा। इसी दौरान कुछ शरारती लोगों ने दुर्गा पंडाल में लगे डीजे का तार नोच दिया। सूचना मिलने ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और समझा बुझाकर कर मामले को शांत कराया गया।
सिकरीगंज प्रतिनिधि के मुताबिक सिकरीगंज में मुख्य तिराहे पर बने दुर्गा पंडाल का गेट हटवाने के लिए ताजियादार धरने पर बैठ गए। कस्बे के नवाब हाते से ताजिया लेकर लोग जुलूस के साथ कर्बला जा रहे थे। तिराहे के पास पहुंचकर लोगों ने ताजिया बीच सड़क पर रख दिया और सड़क के किनारे बने दुर्गा पंडाल का गेट हटवाने की मांग करने लगे। इसकी सूचना पर उप जिलाधिकारी खजनी हर्षदेव पांडेय और क्षेत्राधिकारी खजनी चारु निगम फोर्स के साथ पहुंच गई और पुलिस सुरक्षा में जुलूस आगे बढ़ाया गया।