प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के समझाने पर दो घंटे बाद धरना समाप्त हुअाआ।
- फोटो : amar ujala
खोराबार (गोरखपुर)। लहसड़ी गांव के समीप सोमवार की शाम मछली पकड़ने गए ईश्वर उर्फ गोपी निषाद के नदी में डूबने के बाद पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा। इसी मुद्दे पर सदर संसदीय क्षेत्र के सपा सांसद प्रवीण निषाद गायघाट गांव के सामने गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन हाईवे पर मंगलवार को दोपहर तीन बजे धरने पर बैठ गए।
इससे लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक लोगों का बुरा हाल रहा। दोनों ओर तीन से चार किलोमीटर तक वाहनों का जमावड़ा हो जाने की जानकारी पर एसडीएम सदर प्रथिमेश कुमार, एसपी सिटी विनय कुमार सिंह मातहतों के साथ मौके पर पहुंचे। सांसद के मुआवजा और एसओ को निलंबित करने की मांग की। अधिकारियों ने आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।
गायघाट बुजुर्ग निवासी ईश्वर निषाद मछली पकड़ने गए थे। उसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और उनकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसकी जानकारी होने पर मंगलवार को सांसद तीन बजे के करीब समर्थकों के साथ गायघाट पहुंच गए। नाराज सांसद फोरलेन पर ही धरने पर बैठ गए। उनकी मांग थी कि ईश्वर के परिवार को मुआवजा दिया जाए। आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही की वजह से यह घटना हुई। न समय से वहां पर एनडीआरएफ पहुंची और न ही एसओ। अफसरों ने कहा कि जांच के बाद एसओ पर कार्रवाई होगी और मुआवजे के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।