गोरखपुर।
आजमगढ़ में कच्ची शराब पीने से हुई मौतों के बाद पुलिस ने मंगलवार को ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान एसपी क्राइम आलोक शर्मा की अगुवाई में तीन थाने की फोर्स को तिवारीपुर इलाके के बहरामपुर में बड़ी कामयाबी हाथ लगी। यहां शराब की भट्ठियां बेरोकटोक धधक रही थी और थाने की पुलिस इससे अंजान बनी थी। कई शिकायतें आने के एसपी क्राइम पहले खुद वहां पर पहुंचे और फिर पुलिस को बुलाया। मौके से पुलिस ने तीन पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसपी क्राइम आलोक शर्मा और सीओ कोतवाली अभिषेक सिंह को कई दिनों से क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने की शिकायत मिल रही थी। पहले तो लोकल स्तर पर कार्रवाई के लिए कहा गया था लेकिन जब बात नहीं बनी तो मंगलवार को एसपी क्राइम सीओ कोतवाली को लेकर बहरामपुर पहुंच गए। कुछ ही देर में उन्होंने पुलिस को बुला लिया। सीओ महिला थाना शालिनी सिंह भी पहुंच गईं। भारी पुलिस फोर्स के पहुंचते ही वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने दबिश देकर भट्ठियां तोड़ दीं और चार सौ लीटर शराब बरामद कर ली। एसपी क्राइम आलोक शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने की सूचना पर तीन थाने की पुलिस के साथ कार्रवाई की गई। चार लोगों को गिरफ्तार कर शराब बरामद की गई। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कच्ची शराब के चार धंधेबाजों को पकड़ा
पिपराइच में पुलिस ने यादवपुर गांव में छापेमारी कर कच्ची शराब के चार धंधेबाजों को पकड़ा। यहां से 110 लीटर कच्ची शराब के अलावा सात बाइक, तीन साइकिल को भी बरामद की गई। मौके से कुछ बोतल भी मिले हैं जिससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि कच्ची शराब को लाइसेंसी शराब की दुकान पर भी बेचा जाता था। थानाध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बताया कि यादवपुर गांव के बाहर बाग के किनारे काफी दिनों से अवैध शराब का धंधा होने की शिकायत मिली थी। सीओ के आदेश पर की गई छापेमारी में गांव के दीपक सिंह, रामकृपाल गौड़, लुहसी गांव निवासी अवध नाथ को मौके से पकड़ा गई। कई अन्य भागने में सफल रहे। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम सोहरौना में कच्ची शराब बेचते हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।