पीपीगंज। ऑटो चालक पवन कुमार ने बुधवार को ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने ऑटो पलटने के बाद मामूली रूप से घायल यात्री राकेश चौहान का बैग थाने पहुंचा दिया। बाद में उसे यात्री को सौंप दिया गया। बैग में 50 हजार रुपये और मोबाइल था। बैग पाने के बाद यात्री का चेहरा खुशी से खिल गया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका बैग वापस मिलेगा।
नयनसर गांव स्थित टोल प्लाजा के पास बुधवार की शाम एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें कैंपियरगंज के महावनखोर निवासी राकेश चौहान घायल हो गए। उनका बैग ऑटो में ही छूट गया जिसमें 50 हजार रुपये और मोबाइल फोन था। अंबेडकरनगर निवासी ऑटो चालक पवन कुमार ने जब बैग देखा तो उसमें रुपये और मोबाइल था। इसके बाद उन्होंने थाने जाकर दीवान पशुपति सिंह को बैग सौंप दिया। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के घर वालों को जानकारी दी। इसके बाद बैग राकेश चौहान को सौंप दिया गया।