गोरखपुर।
शाहपुर पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की रकम, दो बाइक और तमंचा बरामद किया। गिरफ्तार लुटेरों में से एक प्रशिक्षु दरोगा का बेटा है। पुलिस को चकमा देकर एक बदमाश भागने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस लाइंस में एसपी सिटी विनय सिंह ने लुटेरों के पकड़े जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाहपुर इलाके के पादरी बाजार में एक महिला से एक लाख रुपये लूट लिया गया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस छानबीन में जुटी थी। शनिवार शाम साढ़े तीन बजे के करीब इंस्पेक्टर घनश्याम तिवारी फोर्स के साथ केवटहिया मोड़ मोहनापुर के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने दो बाइक सवार चार लोगों की घेराबंदी की। इस दौरान तीन बदमाश पकड़े गए। एक बाइक से कूद कर फरार हो गया। उनकी पहचान पिपराइच हसनगंज निवासी प्रवीन त्रिपाठी, सेखुवनिया निवासी दीपू चौहान, जंगल हकीम नंबर दो ओटवा टोला निवासी कन्हैया के रूप में हुई। तलाशी में साठ हजार रुपये नगद, दो बाइक, दो तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। उन्होंने महिला से एक लाख रुपये लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की।
प्रशिक्षु दरोगा का बेटा है प्रवीन
प्रशिक्षु दरोगा बृजेश कुमार त्रिपाठी का बेटा प्रवीन बीए का छात्र है। वह पिपराइच इलाके में जुआ खेलवाने का काम करता है। प्रवीन ने बैक में महिला की रेकी की और साथियों के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने प्रवीन त्रिपाठी के पास से महिला का पैन कार्ड, एसबीआई बैंक का पासबुक और झोला बरामद किया। तीनों ने पहली बार लूट किए जाने की बात कही।